
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष निपुण शर्मा ने की। बैठक में आगामी प्रशिक्षण शिविरों की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण शिविरों के सफल संचालन के लिए पहले जिला स्तर पर एक टोली का आयोजन किया गया है। जिसमें प्रदेश की ओर से कमलजीत सेतिया को विधानसभा गढ़शंकर,शिव सूद को विधानसभा चब्बेवाल, कुलवंत कौर को विधानसभा शामचुरासी और विजय सूद को विधानसभा होशियारपुर में अभियान प्रभारी नियुक्त किया गया है। जबकि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जीली इकाई से जिला महामंत्री जतिंदर सिंह सैनी को क्रमशः गढ़शंकर, बिन्दुसार शुक्ला को चब्बेवाल,सुरेश भाटिया को शामचुरासी और जसवीर सिंह को होशियारपुर में होने वाली वर्कशाप और प्रशिक्षण शिविरों का सहयोगी लगाया गया है।
शर्मा ने बताया कि उसके पश्चात मंडल स्तर पर तीन सदस्यीय टोलियों बनाई गई है जिनकी देखरेख में मंडल स्तर पर वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी, ताकि प्रशिक्षण शिविर सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
उन्होंने बताया कि इस महा प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों एवं नीतियों से गहराई से अवगत कराना, संगठनात्मक कार्यशैली एवं जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण देना, तथा जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता एवं संवाद कौशल का विकास करना, पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना तथा संगठन को और अधिक मजबूत,अनुशासित एवं सक्रिय बनाना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।












