
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली के सराय काले खां इलाके में एक दर्दनाक घटना प्रकाश में आई है। छह वर्षीय बच्ची के लापता होने के मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया, जब जांच के दौरान उसकी हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय युवक मनोज लुगुन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी 2026 की रात बच्ची के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार के अनुसार बच्ची दोपहर करीब तीन बजे से लापता थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सनलाइट कॉलोनी थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में बच्ची को मनोज लुगुन के साथ जाते हुए देखा गया। आरोपी दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, संदेह से बचने के लिए वह खुद परिवार के साथ बच्ची की तलाश में शामिल होने का दिखावा भी कर रहा था। हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर पहले आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सबूत सामने आने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी। बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को एक कुएं में फेंक दिया गया। आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ की टीम की मदद से कुएं से शव बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मौत के पीछे की परिस्थितियों और संभावित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा। आरोपी मूल रूप से झारखंड के सिमडेगा क्षेत्र का रहने वाला है और दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












