
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका-ईरान की जंग को एक महीने हो गए हैं। ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर बड़ा हमला किया, जिसमें करीब 10 अमेरिकी सैनिक घायल हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से दो सैनिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अमेरिकी और अरब अधिकारियों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, हमले के वक्त सैनिक बेस के एक भवन के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया। कम से कम एक मिसाइल सीधे एयरबेस पर गिरी, जबकि कई ड्रोन भी हमले में शामिल थे।

इस हमले में अमेरिकी रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट को भी नुकसान पहुंचा है। यह इस जंग के दौरान इस एयरबेस पर दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले भी यहां मिसाइल स्ट्राइक हो चुकी है, जिसमें पांच रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट क्षतिग्रस्त हुए थे। इस युद्ध में अब तक 300 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं, हालांकि इनमें से ज्यादातर फिर से ड्यूटी पर लौट चुके हैं। वहीं अरबों डॉलर के अमेरिकी सैन्य उपकरण भी नष्ट या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।











