
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। समाजसेवी और उद्यमी रशपाल सिंह चरड़ ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि “शुद्ध पंजाब” अभियान का मुख्य उद्देश्य पंजाब में शुद्ध खाद्य को बढ़ावा देना, मिलावटखोरी के खिलाफ जागरूकता फैलाना और पर्यावरण को बेहतर बनाना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का पहला मुख्य बिंदु उन विक्रेताओं को बढ़ावा देना है जो शुद्ध और बिना मिलावट वाला सामान उपलब्ध कराते हैं। ऐसे विक्रेताओं को मार्केटिंग सहायता, सराहना और “शुद्ध पंजाब मेले” जैसे आयोजनों के माध्यम से एक मंच दिया जाएगा, जहां वे अपने उत्पाद प्रदर्शित कर सकें। मिलावटखोरी के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक समस्या नहीं बल्कि एक “हेल्थ क्राइसिस” है। इसलिए लोगों को यह समझाना आवश्यक है कि मिलावटखोरी क्या है, इसे कैसे पहचाना जाए और इससे कैसे बचा जाए। इस दिशा में स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ जीवन जी सके।
‘शुद्ध पंजाब’ अभियान के तहत शुद्ध खाद्य, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जा रहा है जोर
उन्होंने पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर भी जोर देते हुए कहा कि पानी और पर्यावरण का प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है। इसका समाधान बड़े स्तर पर वृक्षारोपण से संभव है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि सरकार स्तर पर नीतियां बनाकर ट्यूबवेल और सरकारी स्थानों के साथ वृक्षारोपण को अनिवार्य किया जाए, तो पंजाब में करोड़ों पेड़ लगाए जा सकते हैं, जिससे पर्यावरण में बड़ा सुधार आएगा। रशपाल सिंह चरड़ ने कहा कि ऐसे बदलाव के लिए धन से ज्यादा “विल पावर” की आवश्यकता होती है। यदि सही इरादे और दृढ़ संकल्प के साथ काम किया जाए तो ये प्रयास जमीनी स्तर पर सफल हो सकते हैं और लोगों की आदत का हिस्सा बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल बातों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों, गांवों और समाज में लगातार जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से इसे लागू किया जा रहा है। बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स भी इस अभियान से जुड़ रहे हैं और इसे आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी बड़ा बदलाव अकेले संभव नहीं है और इसके लिए समाज, संस्थाओं और मीडिया का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि “शुद्ध पंजाब” अभियान से जुड़कर इसे एक बड़े जन आंदोलन का रूप दिया जाए। अंत में उन्होंने कहा कि यह अभियान हाल ही में शुरू किया गया है और आने वाले समय में इसे और बड़े स्तर पर ले जाया जाएगा, ताकि एक स्वस्थ, स्वच्छ और जिम्मेदार पंजाब का निर्माण किया जा सके।












