
पानीपत (द स्टैलर न्यूज़)। पानीपत के थाना बापौली क्षेत्र के बिहौली गांव में खेत में काम करने वाले मजदूर रणजीत 35 की गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई। मजदूर का शव पूर्व सरपंच के खेत से बरामद किया गया। हत्या की सूचना पर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। मृतक के परिजनों को वारदात की सूचना दे दी गई है। मूल रूप से बिहार का रहने वाला रणजीत सिंह बिहौली गांव के पूर्व सरपंच जिले सिंह के खेत में काम करता था। वह उनके खेतों में ही बने एक कमरे में रहता था। सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेतों में पहुंचे तो रणजीत का शव खेत में पड़ा मिला।

धारदार हथियार से गर्दन काटकर रणजीत की हत्या की गई थी। हत्या की सूचना पर बापौली थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कुछ देर के बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर गहनता से छानबीन की। बताया जा रहा है कि रणजीत सिंह अकेला ही रहता था। पुलिस फिलहाल रंजिश में हत्या के साथ साथ लूट के बिंदू पर भी जांच कर रही है।












