
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भूस्खलन होने का समाचार प्राप्त हुआ है। भूस्खलन के बाद डोडा-किश्तवाड़ सड़क पूरी तरह से बंद हो गई। जानकारी के अनुसार पुल डोडा से लगभग 100 मीटर की दूरी पर गटसू इलाके में अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे।

अधिकारी ने बताया कि सड़क पर मलबा और बोल्डर जमा होने के कारण यातायात रोक दिया गया है। रास्ता साफ करने के लिए प्रशासन की टीमों के साथ मशीनरी तैनात कर दी गई है, लेकिन सड़क को पूरी तरह बहाल होने में कुछ समय लग सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मलबा हटाने और इलाके को सुरक्षित घोषित करने के बाद ही यातायात को दोबारा शुरू किया जाएगा।











