
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और हमीरपुर जिलों में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने भारी तबाही मचाई। इन दुर्घटनाओं में स्कूल की मुख्य शिक्षिका और उनकी बेटी व एक बुजुर्ग दंपती समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों ही घटनाओं में कारें अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरीं। सिरमौर जिला के संगडाह उपमंडल के पियूलीलाणी गांव के समीप सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा पेश आया। भलोना स्कूल की मुख्य शिक्षक (सीएचटी) अमरा देवी (52) अपनी बेटी आराध्या (14) और अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर जा रही थीं। पियूलीलाणी-भलोना मार्ग पर अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में अमरा देवी, उनकी बेटी आराध्या, ऊंचा टिक्कर निवासी प्रियंका और कजवा निवासी सज्जन सिंह (62) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। हादसे में घायल 33 वर्षीय अजीत कुमार को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से खाई से निकाला गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एसडीएम संगडाह सुनील कायथ ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया सड़क की खराब स्थिति या मानवीय चूक को हादसे की वजह माना जा रहा है। उधर, हमीरपुर जिले के बड़सर-गारली मार्ग पर धबड़याणा के समीप एक अन्य दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग दंपती की जान चली गई। रमेश चंद (74) और उनकी पत्नी संतोष कुमारी (69) अपने परिजनों के साथ एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। हादसे में रमेश चंद और संतोष कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे पृथ्वी चंद (64) और उनकी पत्नी सरोज कुमारी (59) गंभीर रूप से घायल हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायलों को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।












