
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के बारी स्थित शिव मंदिर में मंगलवार से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया। 5 मई से 11 मई तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव में क्षेत्रभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर भजन, सत्संग और कथा श्रवण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसास्वादन कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ, जिसमें स्थानीय महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस यात्रा के दौरान श्रीमद् भागवत पुराण को पूरे विधि-विधान के साथ शिव मंदिर बारी लाया गया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आयोजन समिति और ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी से मंदिर परिसर में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
सात दिवसीय कथा का मुख्य उद्देश्य भक्ति, सत्संग और नाम जप के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना, लोगों को सनातन संस्कृति से जोड़ना और विचारों की शुद्धता को बनाए रखना है।
कथा व्यास पंडित अंकुश शर्मा अपने ओजस्वी मुखारविंद से श्रद्धालुओं को जीवन के आदर्शों, भक्ति के मार्ग और सनातन धर्म की पावन शिक्षाओं से अवगत करवा रहे हैं। उनके प्रवचनों से श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं। पूरे सप्ताह चलने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था, एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दे रहा है।











