
यूपी (द स्टैलर न्यूज़)। यूपी के कानपुर में अनियंत्रित बस रेलिंग तोड़ नहर में गिर गई है। मिली जानकारी के मुताबिक बस में 19 लोग सवार थे। बस में सवार रहे सभी घायल लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दरअसल, डंपर की टक्कर से अनियंत्रित होकर बस, नहर में जा गिरी। डंपर की टक्कर के बाद बस चालक कूदकर भाग निकला और बस नहर में गिर गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को रेस्क्यू किया गया। बता दें कि ये बस, Trident कंपनी के कर्मचारियों को लेकर कुढ़नी से रनियां जा रही थी। बस में सवार क्लीनर समेत सभी 19 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।

ये घटना बिधनू थानाक्षेत्र के बिधनू रामगंगा नहर पुल का है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ लग गई। गनीमत रही कि अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं आई है। फिलहाल, इस दुर्घटना के कारणों की जांच की बात कही जा रही है। शुरुआती आशंका है कि बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ।












