
बठिंडा (द स्टैलर न्यूज़)। बठिंडा जिले के गांव सींगो में नशे की लत में अंधे बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। बठिंडा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का राजफाश करते हुए 21 वर्षीय आरोपी गुलाब सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, तीन मई को थाना तलवंडी साबो को सूचना मिली थी कि जंटा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और उनका शव सिविल अस्पताल मानसा में है। जांच के दौरान मृतक के बड़े बेटे गुरजिंदर सिंह के बयान ने मामले की दिशा बदल दी। गुरजिंदर ने पुलिस को बताया कि उसके छोटे भाई गुलाब सिंह ने रंजिश के चलते जानबूझकर बोलेरो गाड़ी से टक्कर मारकर पिता की हत्या की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गुलाब सिंह नशे का आदी है। उसने कुछ समय पहले घर की वाशिंग मशीन चोरी कर नशे की पूर्ति के लिए बेच दी थी। इस हरकत से परेशान होकर उसके पिता जंटा सिंह ने गांव के गणमान्य व्यक्ति डोगर सिंह को इसकी जानकारी दी थी। डोगर ने गुलाब सिंह को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए गुलाब सिंह ने 2 मई को अपने पिता और डोगर सिंह पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गाड़ी चढ़ा दी। इस हमले में जंटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डोगर सिंह और सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी बठिंडा के दिशा-निर्देशों पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को काबू किया। हालांकि आरोपी का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन नशे की पूर्ति और रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।












