
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब में हाल ही में हुए दो धमाके के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा दिए गए बयान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेता तरूण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को मानहानि का नोटिस भेजा है और माफी मांगने की मांग की है। नोटिस में कहा गया कि भगवंत मान ने बिना किसी सबूत के भाजपा पर बेहद गंभीर और भड़काऊ आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि इस तरह के बयान से बीजेपी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है और करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। नोटिस में मुख्यमंत्री से सात दिनों के भीतर अपने बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा, झूठी जानकारी फैलाने और अन्य कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। भाजपा ने अपने नोटिस में यह भी कहा कि पंजाब पुलिस और डीजीपी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इन घटनाओं के पीछे विदेशी ताकतों और कथित आईएसआई समर्थित नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। ऐसे में बिना जांच पूरी हुए बीजेपी पर आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना है।











