Sunday, October 18, 2026
Home Himachal फेफड़ों में पानी भरने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत, मंडी की...

फेफड़ों में पानी भरने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत, मंडी की कुसुम ठाकुर जीत लाई स्वर्ण

हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। फेडरेशन कप एथलेटिक्स में हिमाचल की बेटी ने सफलता का परचम फहराया है। मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र के बैला गांव की 23 वर्षीय कुसुम ठाकुर ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। कोविड काल में कुसुम ठाकुर को बीमारी ने घेर लिया और उनके दोनों फेफड़ों में पानी भर गया। चिकित्सकों ने दौड़ने से साफ मना कर दिया। दो वर्ष तक कुसुम ट्रैक से दूर रहीं, लेकिन हिम्मत नहीं हारी और वापसी की। झारखंड के रांची में कुसुम ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। कुसुम ने 200 मीटर दौड़ 23.94 सेकंड में पूरी की, जो उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ टाइमिंग है। इसके साथ ही वह हिमाचल प्रदेश की पहली महिला धावक बन गई हैं, जिसने 200 मीटर दौड़ इतनी कम समय में पूरी की है।

Advertisements

इससे पहले साल 2024 में ओडिशा के भुवनेश्वर में इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी कुसुम ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। उस समय उन्होंने 24.13 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रदेश को गौरवान्वित किया था। कुसुम ने बताया कि उन्होंने चौथी कक्षा में अपने भाई हरीश चंद्र के साथ दौड़ना शुरू किया था। बचपन से ही खेलों के प्रति उनका विशेष लगाव रहा। कुसुम ने बताया कि देव श्री सत बालाकामेश्वर बन्यूरी के आशीर्वाद और मेहनत के दम पर उन्होंने वापसी की। कुसुम मंडी के राजकीय वल्लभ महाविद्यालय की छात्रा रह चुकी हैं और वर्तमान में गुरु काशी यूनिवर्सिटी पंजाब से बीए की पढ़ाई कर रही हैं। कुसुम के पिता डोलू राम सत देव बालाकामेश्वर के पुजारी हैं। माता हंसा देवी गृहिणी हैं। भाई हरीश राणा पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि बहन अनु प्रिया पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here