
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। चीन में एक अनोखा स्कूल इन दिनों पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां जमीन की कमी के कारण स्कूल प्रशासन ने इमारत की छत पर ही बड़ा खेल मैदान और रनिंग ट्रैक बना दिया। यह स्कूल चीन के झेजियांग प्रांत के टियानताई शहर में स्थित “टियानताई चिचेंग स्ट्रीट नंबर-2 प्राइमरी स्कूल” है। स्कूल की सबसे बड़ी खासियत इसकी छत पर बना 200 मीटर लंबा रनिंग ट्रैक है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार शहर में जमीन कम होने के कारण बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। ऐसे में आर्किटेक्ट्स ने इमारत की छत को ही खेल मैदान में बदल दिया। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की सुविधाएं भी मिल रही हैं। यह स्कूल करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया गया है और इसकी डिजाइन अंडाकार (Oval) आकार की है।

छत पर बने मैदान में बच्चों के लिए दौड़ने, खेलने और अन्य खेल गतिविधियों की पूरी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के चारों ओर मजबूत कांच की दीवारें, स्टील रेलिंग और हरे सुरक्षा बैरियर लगाए गए हैं ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। सोशल मीडिया पर स्कूल की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई लोग इसे आधुनिक इंजीनियरिंग और स्मार्ट डिजाइन का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे घनी आबादी वाले शहरों में स्कूलों के लिए भविष्य का मॉडल मान रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि चीन जैसे देशों में बढ़ती आबादी और सीमित जमीन की समस्या को देखते हुए इस तरह के निर्माण आने वाले समय में और भी देखने को मिल सकते हैं। यह स्कूल न केवल बच्चों को बेहतर सुविधाएं दे रहा है बल्कि शहरी इलाकों में जगह की कमी का नया समाधान भी पेश कर रहा है।











