
गाजियाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। गाजियाबाद के खोड़ा में बकरीद पर 17 साल के सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद परिजनों द्वारा लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की गुहार लगाई जा रही थी। पुलिस के साथ मुठभेड़ में मुख्य आरोपी असद को गोली लग गई, जिसके कारण अस्पताल में इलाज दौरान उसकी मौत हो गई है। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद अपने किसी दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला था, जिसके बाद उसका प्लॉन शहर छोड़कर फरार होने का था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को काबू कर लिया। सूर्या चौहान की हत्या का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुछ युवक उसपर चाकू से हमला करते दिखाई दिए थे। पुलिस ने इस मामले में पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और दो आरोपी फरार थे।

असद इस हत्याकांड का चौथा और मुख्य आरोपी था, जिसपर पुलिस ने 50 हजार का ईनाम भी घोषित किया था, अब पुलिस को पांचवे आरोपी की तलाश है। जिसके बाद प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए असद के घर के बाहर नोटिस चिपका दिए है। प्रशासन ने नोटिस में चेतावनी दी है कि यह निर्माण अवैध जमीन पर किया गया है, इसलिए 15 दिनों के भीतर इस पर अपना जवाब दिया जाए, अगर तय समय मे खुद कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी।












