
पठानकोट (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के वाहनों पर लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में अब मामला और गरमा-गरम हो गया है। पंजाब में निहंग जत्थेबंदियों ने जवाबी कदम उठाते हुए ‘खालसा टैक्स’ की वसूली शुरू कर दी है। इस अभियान की अगुआई निहंग संगठन तरना दल कर रहा है।

बुधवार से कुल्लू–मनाली हाईवे पर कीरतपुर साहिब के पास हिमाचल में प्रवेश करने वाले वाहनों से टैक्स वसूला जा रहा है। निहंगों की मौजूदगी के चलते इलाके में सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क नजर आ रही हैं।
तरना दल के निहंग अच्छर सिंह के मुताबिक, छोटी गाड़ियों और कारों से 100 रुपये, छोटे कॉमर्शियल वाहनों से 200 रुपये, जबकि बड़े वाहनों से 300 से 500 रुपये तक की राशि ली जा रही है। इसके साथ ही दोपहर 3 बजे तक गांव मोड़ा के समीप हाईवे जाम करने की चेतावनी भी दी गई है।
इस टैक्स को अवैध बताए जाने पर निहंग अच्छर सिंह ने कहा कि यह राशि “सरबत के भले” के लिए इस्तेमाल की जाएगी और किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा। उन्होंने दावा किया कि NHAI द्वारा लिया जाने वाला टोल सड़कों के निर्माण और रखरखाव के लिए होता है, जबकि हिमाचल सरकार का टैक्स “जबरन वसूली” जैसा है।












