
महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला खबर सामने आई है। यहां एक साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने उसकी 26 वर्षीय मां को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई यह जानने की कोशिश कर रहा है कि आखिर उस घर में ऐसा क्या हुआ, जिसकी कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मुंब्रा के जीवन बाग इलाके में हुई। मामले की सूचना महिला के पति ने पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय और बाद में महिला घर के अंदर ही मौजूद थी। मौके से जुटाए गए सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में संकेत से लगता है कि महिला लंबे समय से किसी मानसिक या पारिवारिक तनाव से गुजर रही थी। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस परिवार और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना से पहले घर में किसी तरह का विवाद, तनाव या अन्य परिस्थितियां तो नहीं थीं। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब दे सकती है।












