
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद कुछ तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें उठीं। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के बाद कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और एहतियातन सुनामी चेतावनी जारी कर दी गई। फिलीपीन के अधिकारियों ने भीषण भूकंप के कारण करीब चार लोगों की मौत और 200 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना दी है। फिलीपींस ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर से करीब 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 37 मिनट पर दर्ज किया गया। भूकंप के बाद राष्ट्रपति फर्डिनेंड “बोंगबोंग” मार्कोस ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने पहले आशंका जताई थी कि फिलीपींस के कुछ समुद्री तटों पर तीन मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें पहुंच सकती हैं। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों में एक मीटर तक ऊंची लहरें आने की संभावना जताई गई है।












