
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पत्रकारों के सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) उत्तर भारत ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हिमाचल प्रदेश के पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की निःशुल्क एक्सीडेंटल बीमा पॉलिसी उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। इस योजना की औपचारिक लॉन्चिंग एवं पॉलिसियों का वितरण समारोह 9 जून को शिमला स्थित होटल होली डे होम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। तैयारियों को लेकर एम डब्ल्यू बी उत्तर भारत का प्रतिनिधिमंडल शिमला पहुंच गया है।
समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान करेंगे, जबकि नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान गेस्ट ऑफ ऑनर तथा शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश जनारथा सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है।
एमडब्ल्यूबी उत्तर भारत के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी तथा महासचिव सुरेंद्र मेहता ने बताया कि संगठन पिछले पांच वर्षों से पत्रकारों एवं उनके परिवारों के कल्याण और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बदलते समय में पत्रकारों को अनेक प्रकार की चुनौतियों और जोखिमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत तंत्र विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को जागरूक करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कई बार समाचार संकलन के दौरान उन्हें दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन द्वारा पत्रकारों के लिए निःशुल्क बीमा योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

एमडब्ल्यूबी उत्तर भारत के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी संजय भूटानी की विशेष पहल पर हिमाचल प्रदेश के पत्रकारों के लिए 10-10 लाख रुपये की निःशुल्क एक्सीडेंटल पॉलिसी की शुरुआत की जा रही है। संगठन का मानना है कि पत्रकारों की सुरक्षा केवल उनके व्यक्तिगत हित से नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती से भी जुड़ा विषय है। चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में संगठन की गतिविधियों को सशक्त बनाने और पत्रकारों तक अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस योजना को प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश के पत्रकारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ संगठन से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए एमडब्ल्यूबी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विशाल सूद को आयोजन संयोजक बनाया गया है। कार्यक्रम की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही हैं और इसके सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया गया है। विशाल सूद ने बताया कि पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पत्रकार प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है ताकि अधिक से अधिक पत्रकार इस कल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।












