
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में जारी प्रशासनिक तबादला आदेशों के तहत होशियारपुर जिले में शिक्षा प्रशासन के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। विभाग ने अनुभवी शिक्षा अधिकारी हरजिंदर कौर को जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा), होशियारपुर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को जिले के सरकारी स्कूलों के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे लंबे समय से शिक्षा विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती रही हैं।

हरजिंदर कौर इससे पहले जालंधर में जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री शिक्षा) के पद पर कार्यरत थीं। इसके अलावा उनके पास होशियारपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री शिक्षा) का अतिरिक्त कार्यभार भी रहा है। उन्होंने जिले में मुख्य अध्यापिका और प्रिंसिपल के रूप में भी सेवाएं दी हैं, जिससे उन्हें स्थानीय शैक्षणिक परिस्थितियों और प्रशासनिक जरूरतों की गहरी समझ है।
विभागीय आदेशों के अनुसार हरजिंदर कौर अब सेकेंडरी शिक्षा विभाग की कमान संभालेंगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले डॉ. गुरिंदरजीत कौर के पास जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) का अतिरिक्त कार्यभार था। अब नियमित नियुक्ति के तहत यह जिम्मेदारी हरजिंदर कौर को सौंप दी गई है। वहीं जिले की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में निरंतरता बनाए रखने के लिए उप जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री) अमनदीप शर्मा को ही एलिमेंट्री शिक्षा का कार्यभार जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों का मानना है कि हरजिंदर कौर के पास प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम करने का व्यापक अनुभव भी है। उनके नेतृत्व में सेकेंडरी स्कूलों के शैक्षणिक स्तर, बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उनके सामने स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, शिक्षकों की कमी दूर करने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने जैसी चुनौतियां होंगी। शिक्षा जगत के जानकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में होशियारपुर के सरकारी स्कूलों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।











