Friday, October 23, 2026
Home National पांच मंजिला इमारत में लगी आग, 3 की मौत, 2 घायल

पांच मंजिला इमारत में लगी आग, 3 की मौत, 2 घायल

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में शुक्रवार तड़के पांच मंजिला एक आवासीय इमारत में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी थाने को आग लगने की सूचना रात दो बजकर 24 मिनट पर प्राप्त हुई। आग तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित एक आवासीय इमारत में लगी थी।

Advertisements

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्वी) हेमंत तिवारी ने कहा, ‘‘इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण कई निवासी अंदर फंस गए थे जिसके बाद समन्वित बचाव अभियान चलाया गया। इमारत से आठ लोगों को सुरक्षित निकालकर उन्हें उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल और ‘एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) ट्रॉमा सेंटर’ ले जाया गया।’’

पुलिस ने बताया कि तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया जिनमें 22 वर्षीय एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दो घायल लोगों की हालत अब भी गंभीर है और उनका उपचार हो रहा है।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि शॉर्ट सर्किट के कारण इमारत में आग लगी। राजेंद्र कुमार नामक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, मदद के लिए ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने की आवाज़ सुनकर मैं जागा और तुरंत बाहर भागा। मैंने देखा कि आग इमारत के अंदर खड़ी दोपहिया गाड़ियों में लगी थी, लेकिन धुआं पूरी इमारत में तेज़ी से फैल गया। लोगों को बाहर निकालने में मदद करने के लिए निवासियों ने पानी की बाल्टियां लेकर एक मानव-श्रृंखला बनाई। थोड़ी देर बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची और अंदर फंसे लोगों को बचाने का काम शुरू किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here