
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट:नीरज। धीमान भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय (स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग) द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए ‘नेशनल टीचर्स अवार्ड 2026’ के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग (सेकंडरी) ने इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए योग्य और नियमित शिक्षक एमएचआरडी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर 10 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन को अंतिम रूप से जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कौन कर सकता है आवेदन और कौन नहीं? विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार, सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों के नियमित स्कूल प्रमुख, इंचार्ज और नियमित शिक्षक (जिन्हें न्यूनतम 10 वर्ष का सेवा अनुभव हो) इस अवार्ड के लिए स्व-नामांकन कर सकते हैं। हालांकि, संविदा शिक्षक (Contractual Teachers), शिक्षा मित्र, सेवानिवृत्त शिक्षक और ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा शैक्षणिक प्रशासक, शिक्षा निरीक्षक और प्रशिक्षण संस्थानों का स्टाफ भी आवेदन नहीं कर सकेगा।

चयन प्रक्रिया और समय-सीमाशिक्षकों के मूल्यांकन के लिए प्रत्येक जिले में उपायुक्त (District Collector) की देखरेख में एक ‘जिला चयन समिति’ का गठन किया जाएगा, जो आवेदनों का भौतिक सत्यापन करेगी।
• 14 से 21 जुलाई 2026: जिला स्तर पर स्क्रूटनी के बाद हर जिले से अधिकतम 3 सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों के नाम राज्य चयन समिति को भेजे जाएंगे।
• 22 से 29 जुलाई 2026: राज्य चयन समिति इन नामों की समीक्षा कर 6 सर्वश्रेष्ठ कैंडिडेट को राष्ट्रीय स्तर की स्वतंत्र जूरी के पास भेजेगी।
• 3 से 7 अगस्त 2026: जूरी के समक्ष चयनित शिक्षकों को अपनी उपलब्धियों पर 10 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी।
अंतिम रूप से चुने गए विजेताओं की घोषणा 10 से 20 अगस्त 2026 के बीच की जाएगी और 4 व 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य समारोह में इन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा।












