
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के चंबा-भरमौर मार्ग पर गैहरा के समीप एक दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। जानकारी मुताबिक बस में सवार लोग चौरासी परिसर में गत रात आयोजित शिवा नुआला कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब आठ बजे गैहरा के नजदीक बस गुजर रही थी, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरकर बस से टकरा गए।

हादसे में 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जानकारी देते एसपी चंबा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। मृतक और घायलों की पहचान तथा हादसे से संबंधित अन्य जानकारी की जांच की जा रही है।











