
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर के पठानकोट चौक स्थित फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ट्रक द्वारा कई वाहनों को चपेट में लेने का मामला सामने आया है। हादसे दौरान 2 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने सबसे पहले यात्रियों से भरे ऑटो को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित ट्रक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली 2 हिस्सों में टूट गई। इसी दौरान ट्रॉली आगे चल रहे एलपीजी सिलेंडरों से भरे कैंपर से टकरा गई। हादसे के बाद फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्र में करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि कैंपर में रखे सिलेंडरों में विस्फोट नहीं हुआ।

जानकारी देते ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक बलजीत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। उन्होंने कहा कि यदि ट्रैक्टर-ट्रॉली फ्लाईओवर के पिलर से टकराकर नीचे गिर जाती, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।












