Saturday, October 17, 2026
Home Hoshiarpur भारत विकास परिषद ने सांझी रसोई में मनाया 64वां स्थापना दिवस

भारत विकास परिषद ने सांझी रसोई में मनाया 64वां स्थापना दिवस

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारत विकास परिषद की ओर से प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में सेवा प्रकल्प के अंतर्गत परिषद का 64वाँ स्थापना दिवस  रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित सांझी रसोई में जरूरतमंद लोगों को दोपहर का भोजन करवाकर सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना के साथ मनाया गया।इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने जरूरतमंदों को अपने हाथों से भोजन परोसा तथा मानव सेवा का संदेश दिया।

Advertisements

कार्यक्रम को संबोधित प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने कहा कि डिप्टी कमिश्नर श्रीमती आशिका जैन के नेतृत्व में रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित सांझी रसोई वास्तव में मानव सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस रसोई में प्रतिदिन लगभग 450 से 500 जरूरतमंद लोग सम्मानपूर्वक दोपहर का भोजन ग्रहण करते हैं। श्री अरोड़ा ने  समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति एवं सामाजिक संस्थाओं को इस प्रकार के सेवा कार्यों में अपना योगदान देना चाहिए, जिससे कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे।उन्होंने आगे कहा कि भारत विकास परिषद के सदस्य अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ तथा अन्य खुशी के अवसरों को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता, भोजन वितरण, चिकित्सा सहयोग, पौधारोपण तथा अन्य सेवा कार्यों के माध्यम से मनाते हैं।

यही परिषद की सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की पहचान है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ा उत्सव और सच्ची मानव सेवा है और श्री अरोड़ा ने भारत विकास परिषद के इतिहास, उद्देश्यों एवं विभिन्न सेवा प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि परिषद पिछले 64 वर्षों से “संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण” के पंचसूत्र को आधार बनाकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषद समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहयोग, संस्कार कार्यक्रम एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे अनेक जनकल्याणकारी प्रकल्प संचालित करती रहती है।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद ने भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संझी रसोई जैसे सेवा प्रकल्प समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही निरंतर सफलता के साथ संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा अपने स्थापना दिवस पर जरूरतमंद लोगों को भोजन करवाकर समाज को सेवा एवं संवेदनशीलता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के खुशी के अवसरों को जरूरतमंदों की सेवा के साथ जोड़े, तो समाज में मानवता की भावना और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्यों में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।कार्यक्रम के दौरान प्रधान संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में परिषद के सभी सदस्यों को समाज सेवा एवं संगठन के प्रति उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

अंत में परिषद के सचिव रजिंद्र मोदगिल ने सभी सदस्यों, रेड क्रॉस सोसायटी एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भारत विकास परिषद भविष्य में भी सेवा, संस्कार और समर्पण के अपने संकल्प के साथ समाजहित के कार्यों को और अधिक व्यापक रूप से आगे बढ़ाती रहेगी। इस अवसर पर राजीव बजाज उप- चेयरमैन (रेड क्रॉस), श्री धीमान, लोकेश खन्ना, विजय अरोड़ा, जगदीश अग्रवाल, दीपक मेंहदीरत्ता, रजिंद्र मोदगिल, प्रिं. डी. के. शर्मा, एच. के. नकड़ा, मास्टर गुरप्रीत सिंह, रमन बब्बर,प्रदीप कुमार व अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here