Wednesday, October 21, 2026
Home Chandigarh सरकारी स्कूलों में 21 जुलाई से शुरू होंगे बाइमंथली टेस्ट; प्रश्न पत्र के पैटर्न में...

सरकारी स्कूलों में 21 जुलाई से शुरू होंगे बाइमंथली टेस्ट; प्रश्न पत्र के पैटर्न में बड़ा बदलाव, 50% सवाल चैप्टर के बीच से आएंगे

पंजाब (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट- नीरज धीमान। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘बाइमंथली टेस्ट-1’ की घोषणा कर दी है। SCERT द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में यह परीक्षाएं 21 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर पर डेटशीट तैयार कर सभी स्ट्रीम्स के लिए परीक्षा करवाना सुनिश्चित करें।

Advertisements

प्रश्न पत्र के पैटर्न में बड़ा बदलाव

इस बार पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) द्वारा प्रश्न पत्रों की संरचना में एक अत्यंत महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। विद्यार्थियों की वैचारिक समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से अब प्रश्न पत्रों में 50 प्रतिशत प्रश्न पाठ्यपुस्तकों के अभ्यास के अलावा, पाठ के अंदर के मुख्य कंटेंट यानी चैप्टर के बीच से पूछना अनिवार्य किया गया है। शेष 50 प्रतिशत प्रश्न पाठ्यपुस्तकों के अभ्यास के प्रश्न-बैंक से शामिल किए जाएंगे।

सिलेबस और परीक्षा के नियम

· कक्षा 9वीं से 12वीं: इन कक्षाओं का बाइमंथली टेस्ट अप्रैल और मई महीने के सिलेबस में से लिया जाएगा।

· कक्षा 6वीं से 8वीं: इन कक्षाओं के लिए पंजाबी, अंग्रेजी और गणित विषयों का टेस्ट जुलाई महीने में ‘मिशन समर्थ’ के तहत कवर किए गए टॉपिक्स में से ही लिया जाएगा। जबकि अन्य बचे हुए विषयों का टेस्ट अप्रैल और मई के सिलेबस में से निर्धारित तिथियों के भीतर होगा।

· विशेष निर्देश: यह परीक्षा पूरी तरह ऑफलाइन होगी और कुल 20 अंकों की होगी, जिसे संबंधित विषय अध्यापक अपने निर्धारित पीरियड के दौरान ही लेंगे। अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि कक्षा 6वीं से 8वीं का कोई भी टेस्ट ‘मिशन समर्थ’ के लिए तय किए गए पीरियड में बिल्कुल न लिया जाए।

परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का पूरा रिकॉर्ड विषयवार, कक्षावार और छात्रवार स्कूल स्तर पर सुरक्षित रखा जाएगा और परीक्षा समाप्त होने के 10 दिनों के भीतर परिणाम तैयार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here