
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। फुटबॉल विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर 16 साल बाद विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अतिरिक्त समय के 106वें मिनट में फेरान टोरेस के निर्णायक गोल ने स्पेन को दूसरा विश्व कप खिताब दिलाया, जबकि लियोनेल मेस्सी का लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने का सपना टूट गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार रक्षण करने वाली स्पेनिश टीम ने फाइनल में भी अर्जेंटीना को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन अतिरिक्त समय में स्थानापन्न खिलाड़ी फेरान टोरेस ने बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर स्पेन को बढ़त दिलाई।

अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्तिनेज इस प्रयास को रोक नहीं सके। टोरेस 75वें मिनट में मैदान पर उतरे और अतिरिक्त समय में निको विलियम्स के हेडर से मिले पास को गोल में बदल दिया। मैच के बाद उन्होंने कहा, “यह गोल मैंने नहीं, स्पेन के 4.7 करोड़ लोगों ने किया है।” स्पेन ने पूरे विश्व कप में आठ मैचों के दौरान केवल एक गोल गंवाया और किसी भी विश्व चैंपियन द्वारा सबसे कम गोल खाने का नया रिकॉर्ड बना दिया। इसके साथ ही स्पेन लगातार 38 अंतरराष्ट्रीय मैचों से अपराजित है, जिसमें 29 जीत और नौ ड्रॉ शामिल हैं। यह किसी भी यूरोपीय टीम का सबसे लंबा अपराजेय अभियान है।












