
श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। बडगाम जिले के तोसा मैदान इलाके में जोरदार बारिश हुई। वहीं बारिश के बाद ऊपरी इलाकों से आए पानी के कारण सुखनाग नदी का बहाव बढ़ गया। पानी के कटाव से म्यूनिसिपल मार्केट की पूरी इमारत पानी में बह गई। मौसम विशेषज्ञ फैजान ने बताया कि यह इलाका सुखनाग नदी का ऊपरी कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) और उद्गम स्थल है, इसलिए यहां भारी बारिश का असर बहुत तेजी से होता है। सुखनाग नदी अरिजल, जानिगाम, सेल, बीरवाह, रथसुन, मखमा, कावूसा और नारबल से होकर बहती है और आगे जाकर दूसरी धाराओं में मिल जाती है। मौसम रडार ने तोसा मैदान कैचमेंट एरिया के ऊपर लगातार बहुत तेज और लंबे समय तक रहने वाली बारिश की पट्टी देखी।

जब कुछ घंटों तक भारी बारिश होती रही, तो बड़ी मात्रा में पानी तेजी से सुखनाग नदी में आ गया, जिससे नदी के निचले इलाकों में जलस्तर अचानक और तेजी से बढ़ गया। बाढ़ की सबसे ज्यादा मार बीरवाह पर पड़ी, नदी का पानी किनारों से बाहर निकलकर कई इलाकों में फैल गया। बडगाम के उपायुक्त अतहर आमिर खान ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार रात बीरवाह और नारबल इलाकों का दौरा किया। इस दौरान, डिप्टी कमिश्नर ने मुख्य शहर बीरवाह, हंजीगुंड, मखमा, चेवदारा, कनिहामा, मालपुर, सनूर, नारबल, मजहामा में स्थिति की समीक्षा की, संवेदनशील जगहों का निरीक्षण किया और प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों और बचाव कार्यों का जायजा लिया।











