
राजोरी (द स्टैलर न्यूज़)। राजोरी जिले के कोटरंका क्षेत्र में आवारा एवं रेबीज संदिग्ध कुत्तों के बढ़ते आतंक ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कुत्तों के हमलों में पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर समेत करीब नौ लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम क्षेत्र में आक्रामक कुत्तों ने कई लोगों को अपना निशाना बनाया। कुत्तों के काटने से घायल हुए लोगों में वकार अहमद (17), पुत्र मंजूर हुसैन निवासी बड्डाल; स्वर्ण सिंह (20) पुत्र मनमेश सिंह निवासी कोटरंका; जन मोहम्मद (60), पुत्र हाजी गुलाम मोहम्मद निवासी कोटरंका; बलजीत सिंह पुत्र चरणजीत सिंह, निवासी आर.एस. पुरा, जो जम्मू-कश्मीर पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं; जफ्फर इकबाल (17) पुत्र मोहम्मद जमील निवासी कोटरंका; अमीन शाह (48), पुत्र सत्तार शाह निवासी सियारी; फूलो (45) पुत्र शेर अली, तालिब हुसैन (30) पुत्र अब्दुल राशिद निवासी कोटरंका तथा मोहम्मद शफीक (30) पुत्र मोहम्मद अमीन निवासी गुरा सरकारी शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है और कुछ कुत्ते बेहद आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कुत्तों को तत्काल नियंत्रित किया जाए तथा रेबीज संदिग्ध कुत्तों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। आठ पंचायतों के विद्यार्थियों को स्कूल नहीं भेजने के निर्देशकुत्तों के आतंक को देखते हुए शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सोमवार, 10 अगस्त 2026, को कोटरंका क्षेत्र की आठ पंचायतों से संबंधित विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रखने का एहतियाती निर्णय लिया। जोनल एजुकेशन प्लानिंग ऑफिसर कोटरंका की ओर से सोमवार तड़के जारी निर्देश के अनुसार जगलानू, मोहड़ा-ए, मोहड़ा-बी, हुब्बी, लरकूती, कंडी अपर, कंडी लोअर और खड़यून पंचायतों के क्षेत्रों से संबंधित विद्यार्थियों को सोमवार को स्कूल नहीं भेजने के लिए कहा गया।
निर्देश में संबंधित क्षेत्रों के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और शिक्षकों को विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं संरक्षकों को तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए एहतियाती तौर पर लिया गया है। बच्चों को घरों में सुरक्षित रहने की सलाहशिक्षा विभाग ने स्कूल प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा है।












