
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और मंडी जिले में बीती रात से जारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के बीच कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने के साथ भूस्खलन हुआ है। आनी में अलग-अलग स्थानों पर दो कारें चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गईं। एक हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरी कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसके अलावा सैंज-न्यूली मार्ग, मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग और कई वैकल्पिक मार्ग भी भूस्खलन व पत्थर गिरने से बाधित हुए हैं। आनी में पहला हादसा किरण बाजार-बराड़ के बीच एनएच-305 पर हुआ। बारिश के दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा चलती कार पर आ गिरा। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोग मलबे में फंस गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर आनी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मलबा गिरने के कारण एनएच-305 पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

दूसरी घटना आनी के नए बस अड्डे के पास हुई। यहां पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टान सड़क किनारे खड़ी टैक्सी नंबर की कार से जा टकराई। चट्टान की चपेट में आने से कार को काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था। मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर झलोगी के पास मंगलवार सुबह करीब सात बजे से यातायात बाधित है। भारी बारिश के बीच पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की आवाजाही रोक दी। हनोगी टनल, पंडोह डैम और मंडी की ओर वाहनों को रोककर रखा गया है। इससे हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। लगातार पत्थर गिरने के खतरे के कारण फिलहाल मलबा हटाने का काम शुरू नहीं किया गया है। बारिश रुकने और मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही सड़क से पत्थर और मलबा हटाकर यातायात बहाल किया जाएगा।












