
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मां भामेश्वरी दुर्गा मंदिर पिंड भाम के सिद्ध सरोवर परिसर में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य एवं पवित्र वृक्षारोपण उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माता विनोद कुमारी जी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उनके साथ बहन शांति देवी, बहन तृप्ता देवी, बहन कुलदीप कौर तथा स्वर्ण समाज के अध्यक्ष सुदर्शन धीर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने सिद्ध सरोवर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प लिया। प्रकृति के संरक्षक स्वामी अमरनाथ जी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और इनका संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का परम कर्तव्य है।

वृक्षारोपण अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान में विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उनके सहयोग से मां भामेश्वरी दुर्गा मंदिर पिंड भाम में बड़े स्तर पर सोलर लाइटें लगाई गई हैं। आयोजकों ने विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी उन्हें मंदिर और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सहयोग एवं सेवा का अवसर मिलता रहे, ऐसी उनकी कामना है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ एवं हरित बनाने का संदेश दिया गया।












