
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की ओर से दशहरा ग्राउंड में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान शिव के नाम पर पंजाब की आप सरकार राजनीतिक स्टंट कर रही है। लेकिन, पंजाब की जनता बहुत समझदार है और वह जानती है कि सरकार की मंशा क्या है। यह बात नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा ने सरकार द्वारा करवाए गए एक शाम भगवान शिव के नाम कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक भावनाओं की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहती है, लेकिन पंजाब की जनता बेहद समझदार है और वह सरकार की इन चालों व असली इरादों को भली-भांति पहचानती है।

एडवोकेट राकेश मरवाहा ने कहा कि भगवान शिव शांति, संयम और ध्यान के प्रतीक हैं, लेकिन कार्यक्रम के दौरान लोगों से चीखने और शोर-शराबा करवाया गया, जोकि धार्मिक मर्यादाओं का हनन है। श्री मरवाहा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर अपनी राजनीतिक छवि चमकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सरकार से अपील की कि धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रमों की गरिमा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा इन्हें राजनीतिक मंच बनाने से बचा जाए।












