
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अरोड़ा वंश सभा की ओर से एक विशेष बैठक का आयोजन होटल अंबर रेजीडेंसी में सभा के प्रधान दीपक नरूला एवं सरपरस्त व प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में नगर निगम की मेयर परवीन सैनी एवं उनके पति कृष्ण कुमार सैनी बतौर मुख्य मेहमान उपस्थित हुए। सभा की ओर से मेयर परवीन सैनी एवं कृष्ण कुमार सैनी को पुष्पगुच्छ तथा शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सरपरस्त एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने कहा कि अरोड़ा वंश सभा लंबे समय से समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देती आ रही है। उन्होंने कहा कि सभा का उद्देश्य समाज में भाईचारा, एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है। अरोड़ा ने कहा कि शहर के विकास के लिए सामाजिक संस्थाओं और नगर निगम के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्रधान दीपक नरूला ने कहा कि अरोड़ा वंश सभा द्वारा निरंतर विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। सभा की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाए गए हैं तथा बड़ी संख्या में पौधे लगाए एवं वितरित किए गए हैं। इसके अलावा जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में सहयोग तथा समाज में जागरूकता पैदा करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभा द्वारा कपड़े एवं जूट के बैग वितरित कर प्लास्टिक के कम उपयोग के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया है। उन्होंने कहा कि अरोड़ा वंश सभा का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और सहयोग की भावना पहुंचाई जाए तथा आने वाले समय में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े और अधिक सेवा प्रकल्प शुरू किए जाएंगे।
मेयर परवीन सैनी ने अरोड़ा वंश सभा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाएं शहर एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने कहा कि अरोड़ा वंश सभा द्वारा जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने अरोड़ा वंश सभा को भविष्य में भी जनहित के कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग एवं सकारात्मक तालमेल का भरोसा दिया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद संजीव दूआ ने कहा कि समाज की तरक्की आपसी सहयोग और भाईचारे से संभव है। उन्होंने कहा कि अरोड़ा वंश सभा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों से समाज के जरूरतमंद वर्ग को लाभ मिल रहा है और ऐसे प्रयासों को लगातार आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहर की बेहतरी के लिए सामाजिक संस्थाओं, नगर निगम और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना चाहिए। बैठक में सभा की आगामी गतिविधियों एवं सामाजिक सेवा प्रकल्पों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी सदस्यों ने समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर विजय अरोड़ा, पवन अरोड़ा, राजन मनचंदा, सुरेश नारंग, गौरव खट्टर, जितेंद्र कुमार, कमलप्रीत सिंह, नीतीश अरोड़ा, दीक्षित अरोड़ा, विशाल अरोड़ा, गुरजोत गुलाटी, सूरज अरोड़ा, अनिल पाहवा, संजीव कथूरिया, रणवीर मक्कड़, अमनदीप सिंह, मनी कटारिया, आशीष अरोड़ा, अरविन्द अरोड़ा, सुनील मुखीजा, राजीव मनचंदा,राजकुमार मलिक व अन्य उपस्थित थे।












