
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। कासनी गांव के निवासी भारतीय सेना के हवलदार रवि प्रकाश पुत्र कृष्ण सांगवान बेंगलुरु में ट्रेनिंग के दौरान शहीद हो गए। मंगलवार सुबह फिजिकल एक्टिविटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। रवि प्रकाश वर्तमान में 54 आरआर (राष्ट्रीय राइफल्स) बटालियन में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग कश्मीर में थी।

रवि प्रकाश वर्ष 2015 में मद्रास-16 इंजीनियरिंग रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। वह बेंगलुरु में ट्रेनिंग ले रहे थे। मंगलवार सुबह फिजिकल एक्टिविटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनके शहीद होने की सूचना परिजनों और ग्रामीणों को मिली।
हवलदार रवि प्रकाश के शहीद होने की खबर मिलते ही गांव कासनी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि देर शाम तक उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंच सकता है। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।












