Monday, October 19, 2026
Home Hoshiarpur ‘क्लीन पंजाब, प्राउड पंजाब’ अभियान का विधायक जिंपा ने किया शुभारंभ

‘क्लीन पंजाब, प्राउड पंजाब’ अभियान का विधायक जिंपा ने किया शुभारंभ

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की ओर से प्रदेशभर में 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के तहत आज स्थानीय फतेहगढ़ चुंगी से ‘क्लीन पंजाब, प्राउड पंजाब’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक होशियारपुर ब्रम शंकर जिंपा, मेयर प्रवीण सैनी, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कुमार, नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू, विभिन्न पार्षदों तथा नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई अभियान की शुरुआत की गई।

Advertisements

इस अवसर पर विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के शहरों और गांवों को साफ-सुथरा, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पूरे पंजाब में 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई को और बेहतर बनाया जा सके।

विधायक जिंपा ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक शहरवासी की भी बराबर जिम्मेदारी है। यदि हम अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने का संकल्प लें, तो होशियारपुर को और अधिक सुंदर एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि होशियारपुर के सौंदर्यीकरण और विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सुंदरता बढ़ाने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ‘क्लीन पंजाब, प्राउड पंजाब’ अभियान को सफल बनाया जाएगा और होशियारपुर को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों और सफाई कर्मचारियों ने भी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here