
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में रूसी सेना के रातभर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों ने तबाही मचा दी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आज बताया कि इन हमलों में कुल 12 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। हमले में दर्जनों लोग घायल हुए हैं। लगातार छठे दिन कीव को निशाना बनाए जाने के कारण राजधानी और आसपास के क्षेत्र में युद्ध की गंभीरता एक बार फिर बढ़ती नजर आई।

रूसी सेना ने रात के दौरान कीव और व्यापक कीव क्षेत्र पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। राजधानी के कई हिस्सों में धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में आवासीय इमारतों और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर आग लगने के बाद आपातकालीन दलों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर हमले के बाद की स्थिति बताते हुए कहा कि रूस ने बड़ी संख्या में जेट इंजन से चलने वाले ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि हमले में आवासीय इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि हमले में 12 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है, जबकि दर्जनों अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। ये दावा जेलेंस्की ने ऐसे समय में किया है जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी की एससीओ समिट से इतर बिश्केक में मुलाकात हुई है। पीएम मोदी ने पुतिन से युद्ध खत्म करने की अपील की।
रूसी हमलों के बाद यूक्रेन के बड़े हिस्से में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई। कीव में आपातकालीन सेवाओं ने कई जगह आग लगने की जानकारी दी। हमलों के सीधे प्रभाव और आसमान से गिरे मलबे के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। कीव के अलावा बोरीस्पिल शहर में भी रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों का असर दिखाई दिया। वहां एक अपार्टमेंट इमारत और व्यावसायिक परिसर को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस अपने हमलों की योजना इस तरह बनाता है कि अधिकतम तबाही और जानमाल का नुकसान हो। उन्होंने कहा कि जब यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली पर्याप्त संख्या में रूसी हमलों को रोक नहीं पाती, तब ऐसे हमलों का असर और गंभीर हो जाता है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के दौरान यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की जरूरत पर जोर दिया था। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से इतर हुई बैठक में मोदी ने कहा था कि मानवता के हित में यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त होना चाहिए।
पिछले कुछ दिनों से रूस की ओर से यूक्रेन पर हवाई हमलों में तेजी देखी जा रही है। सोमवार को भी रूसी ड्रोन हमलों के कारण कीव के आसपास परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई थी और गोदामों, अपार्टमेंट इमारतों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा था। जेलेंस्की ने बताया था कि रूस ने 4 दिनों की अवधि में करीब 1,500 ड्रोन लॉन्च किए। इससे हालिया हवाई अभियान के बड़े पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है।












