
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा में कल दोपहर एक सैन्य अड्डा अचानक तेज धमाके से दहल उठा। सैन्य परिसर में रखी आतिशबाजी वाले इलाके में करीब 2:30 बजे धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में 10-15 लोगों की मौत हुई है, जबकि कम से कम 58 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ज्यादातर आम नागरिक हैं। बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो ने बताया कि धमाका उस हिस्से में हुआ जहां आतिशबाजी से जुड़ा सामान रखा गया था। उनके मुताबिक 58 घायलों में 52 नागरिक हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी हैं। शुरुआती जानकारी में मौतों की सही संख्या साफ नहीं थी। हालांकि वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच होने का अनुमान जताया।

धमाका इतना जोरदार था कि सैन्य अड्डे से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सैन्य परिसर के ऊपर उठता काला धुआं देखा गया। यह सैन्य अड्डा वियाचा शहर के बीचोंबीच स्थित है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई। धमाके की खबर मिलते ही एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और पुलिस मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव दल ने सैन्य परिसर में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और घायलों को आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक बचाव दल घायलों के परिवारों की भी मदद कर रहे हैं।
हादसे के बाद इलाके में खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने बताया कि दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर अभी भी धमाका होने की चेतावनी दी है। इससे दोबारा धमाका होने का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ इलाके को सुरक्षित करना है।












