Tuesday, October 27, 2026
Home International अमेरिका के मियामी हवाई अड्डे पर हादसा, वाहनों से टकराने के बाद...

अमेरिका के मियामी हवाई अड्डे पर हादसा, वाहनों से टकराने के बाद विमान में लगी आग, 5 की मौ-त

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका में अमेजन का एक मालवाहक विमान मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद विमान कुछ वाहनों से टकरा गया और उसमें आग लग गई। हादसे में करीब पांच लोगों की मौत हो गई। मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया विमान अपराह्न करीब दो बजे हवाई अड्डे पर उतरा था। लैंडिंग के बाद विमान रनवे से आगे निकल गया और वाहनों से टकरा गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो अन्य को अपेक्षाकृत कम गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतकों में विमान में सवार लोग शामिल थे या वे उन वाहनों में थे, जिनसे विमान टकराया। मियामी-डेड बचाव अग्निशमन प्रमुख रे जडाल्ला ने बताया कि हादसे के बाद आसमान में घना काला धुआं छा गया। पायलट और सह-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे, जबकि कुछ लोग कारों के अंदर फंसे थे।

Advertisements

एक अन्य व्यक्ति वाहन के नीचे फंस गया था। हादसे के कारण मियामी के व्यस्त हवाई अड्डे पर दोपहर के समय उड़ानें रोक दी गईं। जडाल्ला ने बताया कि हादसे के कई घंटे बाद भी विमान से ईंधन का रिसाव हो रहा था और दमकलकर्मी स्थिति से निपटने में जुटे थे। यह उड़ान नॉर्थ कैरोलाइना स्थित मालवाहक विमानन कंपनी 21 एयर द्वारा संचालित की गई थी। उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, 32 साल पुराने बोइंग 767 विमान को मूल रूप से यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था। विमान ने दो दशक से अधिक समय तक कई विमानन कंपनियों के लिए उड़ान भरी। वर्ष 2015 में इसे मालवाहक विमान में बदल दिया गया था। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने बताया कि वह हादसे की जांच के लिए मियामी में एक टीम भेज रहा है। टीम का नेतृत्व बोर्ड की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी करेंगी। अमेजन ने एक बयान में कहा कि वह किसी भी जांच में सहयोग के लिए तैयार है। कंपनी ने हादसे में पांच लोगों की मौत पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों और इस घटना से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here