
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। मेक्सिको राज्य के तेमास्कालसिंगो कस्बे में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री में विस्फोट हो गया। हादसे में करीब 10 लोगों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विस्फोट तेमास्कालसिंगो में ‘नुएस्त्रा सेनोरा दे ला लूज’ गिरजाघर के पास हुआ। धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी देखने के लिए सैकड़ों लोग वहां जुटे थे।

विस्फोट के बाद इलाके में धुआं और मलबा फैल गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग मलबे के बीच जीवित लोगों की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मेक्सिको राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।












