
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पूर्व ओएसडीमनजीत सिंह सिद्धू का कांग्रेस में शामिल होना साबित करता है कि आप में ऊपर से लेकर साधारण कार्यकर्ता तक आप की नीतियों से तंग और परेशान हो चुका है तथा पंजाब की बेहतरी के लिए लोग कांग्रेस के साथ जुड़ रहे हैं। यह बात वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमरपाल सिंह काका ने उनका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह द्वारा पार्टी में स्वागत करने दौरान उनके साथ बैठक में कही। उन्होंने कहा कि परगट सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही जहां पार्टी की गतिविधियों में तेजी आई है वहीं कांग्रेस के प्रति पंजाब वासियों का विश्वास एक बार फिर से और बढ़ रहा है। जो साफ करता है कि आने वाले समय में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी तथा इसके लिए जनता मन बना चुकी है।

अमरपाल काका ने कहा कि इस दौरान विचार चर्चा करते हुए उन्होंने अध्यक्ष परगट सिंह से होशियारपुर आने तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की बात भी की ताकि होशियारपुर जिले की हर सीट पर कार्यकर्ता एवं नेताओं को एकजुट करके विकास एवं उन्नति की नई कहानी लिखी जा सके। श्री काका ने कहा कि जहां देश में राहुल गांधी युवाओं की समस्याओं को जोर-शोर से उठा रहे हैं उसी प्रकार प्रदेश में परगट सिंह की अगुवाई में कांग्रेस प्रदेशवासियों खासकर युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर पंजाब की भलाई के लिए राजनीतिक भेदभाव से स्तर से ऊपर उठकर कार्य करने का संदेश दे रही है, जिसका जनता पर विशेष प्रभाव पड़ रहा है और लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।












