
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम होशियारपुर के मेयर शिव सूद का यह कहना कि कैबिनेट मंत्री के पास कौन सी जादू की छड़ी है कि दो दिन में सडक़ें ठीक हो जाएंगी बहुत ही हास्यपद है, क्योंकि एक जिम्मेदार पद पर आसीन होते हुए मेयर का यह बात कहना बहुत ही निंदनीय है। जबकि श्री अरोड़ा के निर्देशों पर लगभग समस्त सडक़ों पर पड़े गड्ढे भरे जा चुके हैं और जल्द ही बजरी आदि डालकर पूर्ण रुप से उन्हें सडक़ का रुप दे दिया जाएगा। जिससे शहर निवासियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

उक्त बात जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हरीश आनंद ने मेयर शिव सूद द्वारा दिए गए बयान पर कटाक्ष करते हुए कही। हरीश आनंद ने कहा कि किसी भी काम के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति और साफ नीयत की जरुरत होती है, जोकि मेयर व उनके साथियों के पास नहीं है। अगर उनकी नीयत और इच्छा शक्ति होती तो शहर की सडक़ों की यह दुर्दशा न होती और लोगों को परेशानियां न झेलनी पड़ती। मेयर और उनकी टीम ने शहर में सुधार कम और जनता को परेशानियां ज्यादा दी हैं तथा अब उनका जादू की छड़ी से काम की बात कहना उनकी शहर निवासियों के प्रति संकीर्ण सोच को दर्शाता है।
हरीश आनंद ने कहा कि एक तरफ जहां केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता को जुमलों से गुमराह कर रहे हैं तो दूसरी तरफ शहर के मेयर जनता की समस्याओं को दूर करवाने के स्थान पर काम करवाने वालों पर तंज कस कर अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर रहे हैं। ऐसे में यह कहना भी गलत नहीं होगा कि अगर मेयर शहर निवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह नहीं कर सकते तो उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए ताकि किसी जिम्मेदार व्यक्ति को शहर की बागडौर सौंपी जा सके।












