सुजानपुर राष्ट्र स्तरीय होली महोत्सव शुरू, मुख्य सचिव ने मंदिर में की पूजा अर्चना

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। सुजानपुर का ऐतिहासिक होली मेला औपचारिक रूप से मंगलवार को शुरू हो गया।मुख्य सचिव, हिमाचल प्रदेश बी.के. अग्रवाल ने सुविख्यात राष्ट्र स्तर के होली महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यातिथि ने पगड़ी स्थल पर झांकियों के उपरांत मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मेला मैदान में विभिन्न स्टाल का उदघाटन एवं अवलोकन किया। तदोपरांत मुख्य सचिव ने कला मंच पर दीप प्रज्ज्वलन कर इस महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सुजानपुर सहित समस्त जिला व प्रदेशवासियों को होली उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ लोक जीवन, लोक संस्कृति एवं परंपराओं के लिए विख्यात है। देवभूमि में मनाए जाने वाले मेले व त्यौहार इसे एक अलग पहचान प्रदान करते हैं, क्योंकि इनकी पृष्ठभूमि में ऐतिहासिकता, कलात्मकता और सांस्कृतिक छटा का समावेश होता है। उन्होंने कहा कि मेलों व त्यौहारों की परंपराओं को कायम रखना आवश्यक है और आधुनिकता के दौर में हमें अपनी संस्कृति के संवद्र्धन व संरक्षण के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। प्रदेश व जिला प्रशासन भी इसमें सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहता है।

Advertisements

उन्होंने कहा कि सुजानपुर का यह मेला हमारी समृद्ध संस्कृति की मजबूत जड़ों को सिंचायमान रखे हुए है और इसी पर हमें प्रदेश का विकास करना है। सुजानपुर राजा संसार चंद की ऐतिहासिक स्थली रही है और यहां कौने-कौने में ऐतिहासिक धरोहरें बिखरी पड़ी हैं। उन्हें एक कला प्रेमी राजा के रूप में ख्याति प्राप्त हुई है और होली महोत्सव के अतिरिक्त विभिन्न मंदिरों के निर्माण व चित्रकला में कांगड़ा कलम को संरक्षण देने का श्रेय भी उन्हें जाता है। अपनी इस उत्कृष्ट कला रूपी धरोहर पर सुजानपुर के प्रत्येक निवासी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कांगड़ा कलम को सहेजने के लिए और प्रयास करने की आवश्यकता है और सुजानपुर जैसे स्थलों पर अधारभूत ढांचा विकसित कर इसे ऐतिहासिक पर्यटन से जोड़ा जा सकता है।

डॉक्टर ऋचा वर्मा ने किया मुख्य अतिथि को सम्मानित

इससे पूर्व होली महोत्सव आयोजन समिति की अध्यक्षा एवं उपायुक्त हमीरपुर, डॉ. ऋचा वर्मा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया और मेले में पहुंचने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले को आकर्षक बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा हर संभव प्रयास किए गए हैं। सुजानपुर के चौगान में व्यापारिक गतिविधियों के लिए प्रतिवर्ष की भांति स्टाल सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर इसमें पहाड़ी व स्थानी लोक कलाकारों को भी उचित मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया है। दिन के समय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। इसमें कबड्डी, कुश्ती के अतिरिक्त बेबी शो व डॉग शो का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी संस्थाओं व स्थानीय जनता का आभार जताया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन, अतिरिक्त उपायुक्त रत्तन गौत्तम, सहायक आयुक्त सुनयना, मेला अधिकारी एवं स्थानीय उपमंडलाधिकारी (ना.) शिवदेव सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here