
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हल्का मुकेरियां से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुलक्खन सिंह जग्गी का चुनाव प्रचार जोर पकड़ता जा रहा है तथा जनता उन्हें आशीर्वाद देते हुए अपना भरपूर समर्थन दे रही है।


सुलक्खन सिंह जग्गी ने क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में चुनाव प्रचार करते हुए पार्टी के प्रदेश स्तरीय चुनाव घोषणा पत्र के अलावा हल्के के लिए जारी घोषणा पत्र में जनता व इलाके के विकास की नीतियों की जानकारी दी। जग्गी ने कहा कि मुकेरियां के हर गांव को लिंक सडक़ों के माध्यम से जोड़ा जाएगा तथा सडक़ों का नवनिर्माण करवाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाया जाएगा। जग्गी ने कहा कि मुकेरियां में बड़ा उद्योग स्थापित करना, शिक्षण संस्थान खोलने तथा अन्य मौलिक सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए जनता के सहयोग से हर योजना व नीति को लागू किया जाएगा।

जग्गी ने जनता को आश्वासन दिया कि प्रदेश में आप सरकार आने पर क्षेत्र के विकास और जनता के साथ किए हर वायदे को पूरा किया जाएगा, क्योंकि दिल्ली में आप ने जो कहा वही किया तथा आज दिल्ली एक माडल बन चुकी है और पंजाब की जनता भी पंजाब को खुशहाल देखना चाहती है।











