50 कार्निया ट्रांसप्लांट का खर्च देगा सरबत दा भला चैरीटेबल ट्रस्ट: डा. एस.पी.एस. ओबराये

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरबत दा भला चैरीटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन कम मैनेजिंग ट्रस्टी डा. एस.पी. ओबराये द्वारा 50 कार्निया ट्रांसप्लांट का खर्च दिए जाने की घोषणा की गई है। उनके द्वारा की गई घोषणा का नेत्रदान के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं द्वारा स्वागत एवं उनका धन्यवाद किया गया है। इससे पहले भी डा. ओबराये ने 100 कार्निया ट्रांसप्लांट का खर्च दिया था। जिसके चलते अंधेपन का शिकार लोग इस सुन्दर संसार को देख पाए थे। अब 50 कार्निया ट्रांसप्लांट का खर्च दिए जाने से और लोगों की जिंदगी में रोशनी लौट आएगी।

Advertisements

ट्रस्ट की तरफ से होशियारपुर में जल्द खोली जाएंगी 4 चैरीटेबल लैबोरेट्रीज़

इस संबंधी आयोजित एक समारोह में सरबत दा भला चैरीटेबल ट्रस्ट के जिला प्रधान आज्ञापाल सिंह साहनी की अगुवाई में समस्त सदस्यों ने इसके लिए डा. ओबराये का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर डा. ओबराये ने बताया कि मानवता की सेवा को समर्पित ट्रस्ट द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी किए जाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा जिला होशियारपुर में जल्द ही चार चैरीटेबल लैबोरेट्रीज़ खोली जा रही हैं। जहां पर बिलकुल नाममात्र खर्च पर लोग सेहत संबंधी टैस्ट करवा सकेंगे। उन्होंने ट्रस्ट सदस्यों से आह्लान किया कि वे समाज के जरुरतमंद लोगों तक पहुंच बनाएं और ट्रस्ट द्वारा दी जा रही सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उन तक पहुंचाएं ताकि सरबत दा भला के अर्थ को सार्थक कर सके।


इस मौके पर 50 कार्निया ट्रांसप्लांट का खर्च दिए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए जिला प्रधान आज्ञापाल सिंह साहनी ने बताया कि डा. ओबराये के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में ट्रस्ट द्वारा जो कार्य किए जा रहे हैं उनका जनता को काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विदेशों में मुसीबत में फंसे भारतीयों खासकर पंजाबियों के लिए डा. ओबराये फरिश्ता बनकर आते हैं और उनकी मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि डा. ओबराये के प्रयासों एवं सहयोग से सैकड़ों लोग अपने देश व घर लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा होशियारपुर में 125 विधवा बहनों को मासिक पैंशन दी जा रही है तथा पूरे पंजाब व देश के अलग-अलग भागों में भी ट्रस्ट द्वारा पैंशन दी जा रही है ताकि हमारी बहनें अपना खर्च चला सकें। आज्ञापाल सिंह साहनी ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित सुल्तानपुर लोधी में आयोजित किए जा रहे विश्व स्तरीय समागम में ट्रस्ट द्वारा 2.5 लाख चप्पल व जूतों के जोड़े भेंट किए जा रहे हैं ताकि संगत को किसी तरह की परेशानी न हो। सचिव अवतार सिंह ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं प्रोजैक्टों की जानकारी दी। इस अवसर पर विशेष तौर से उपस्थित हुए रोटरी आई बैंक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमुख समाज सेवी संजीव अरोड़़ा ने सरबत दा भला ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डा. ओबराये द्वारा पंजाब ही नहीं बल्कि देश-विदेश में चलाए गए समाज सेवी प्रोजैक्टों के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही भगवान की सेवा है और डा. ओबराये द्वारा इस कथन को सार्थक करके दिखाया गया है। जिसके लिए पूरी मानवता इनकी आभारी रहेगी। संजीव अरोड़ा ने बताया कि रोटरी आई बैंक द्वारा अब तक 3100 लोगों का कार्निया बदलवाकर उन्हें सुन्दर संसार देखने के काबिल बनाया गया है। जिसमें डा. ओबराये द्वारा डाले गए योगदान के लिए रोटरी आई बैंक सदैव इनका ऋणि रहेगा। इस अवसर पर बी.एस. रंधावा, अवतार सिंह, संजीव अरोड़ा, मास्टर गुरप्रीत सिंह, जगमीत सिंह सेठी, जसविंदर सिंह, नरिंदर सिंह, नरिंदर धूड़, पुरुषोत्तम सैनी आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here