
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर से कांग्रेसी उम्मीदवार सुन्दर शाम अरोड़ा के चुनाव प्रचार में महिला शक्ति विशेष योगदान डाल रही हैं। इसी कड़ी के तहत महिलाओं ने सुन्दर शाम अरोड़ा की धर्मपत्नी सिम्पल अरोड़ा की अगुवाई में शहर के अलग-अलग वार्डों में चुनाव प्रचार किया और लोगों को कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र में जनता व पंजाब की बेहतरी के लिए घोषित योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर सिम्पल अरोड़ा ने कहा कि जिस प्रकार जनता का सहयोग व प्यार मिल रहा है उससे साफ हो चुका है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीतियों पर मोहर लगाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार न होते हुए भी श्री अरोड़ा ने जनता का विश्वास कायम रखने में कामयाबी हासिल की है और वह हरेक के दुख सुख में खड़े होते रहे हैं। इसी लिए आज जनता उन्हें एक बार फिर से विधायक बनाने की ठान चुकी है। इस मौके पर जिला कांग्रेस शिकायत निवारण कमेटी के चेयरमैन सुमेश सोनी की पत्नी सीमा सोनी ने भी साथियों सहित अरोड़ा के पक्ष में प्रचार करते हुए पंजाब के विकास व जन-जन की भलाई के लिए कांग्रेस को कामयाब बनाने की अपील की।












