
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में जनता का रुझान पूरी तरह से कांग्रेस की तरफ था और इसका परिणाम 11 मार्च को सभी के सामने होगा, जब प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने के लिए उभर कर सामने आएगी। उक्त बात जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान पार्षद ब्रह्मशंकर जिम्पा ने एक बैठक में कही। उन्होंने कहा कि इन चुनावों आम आदमी पार्टी और अकाली-भाजपा आपस में उलझते रहे हैं तथा कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ मिशन-2017 के तहत जनसंपर्क अभियान में व्यस्त रही, जिसके चलते प्रदेश में कांग्रेस की लहर थी तथा लोगों ने खुलकर कांग्रेस को सत्ता सौंपने का मन बनाते हुए उसके हक में मतदान किया है। श्री जिम्पा ने कहा कि कांग्रेस इस बार प्रदेश में और 2019 में लोकसभा चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करके केन्द्र में भी अपना परचम फहराएगी। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष एडवोकेट राकेश मरवाहा, सुमेश सोनी, यूथ अध्यक्ष नवप्रीत रैहल, राजेश गुप्ता भी मौजूद थे।












