
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पिछले 10 सालों में विकास की दृष्टि से जिला होशियारपुर काफी पिछड़ चुका है तथा अब जबकि लोगों को अपनी सरकार मिली है तो उनकी आशाएं कांग्रेस के प्रति बढ़ गई हैं और जनता कांग्रेस के विकास के दावों को पूरा होता देखना चाहती है। इसलिए जिला होशियारपुर के सर्वपक्षीय विकास के लिए जिला होशियारपुर के कांग्रेसी विधायकों ने स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से भेंट करके इस संबंधी विस्तृत चर्चा की। इस मौके पर विधायक संगत सिंह गिलजियां, सुन्दर शाण अरोड़ा, पवन कुमार आदिया, रजनीश बब्बी, डा. राज कुमार व अरुण डोगरा मिक्की ने नवजोत सिंह सिद्धू से भेंट की।


इस दौरान होशियारपुर की नगर निगम तथा जिले की अन्य नगर परिषदों की कार्यप्रणाली में सुधार और तेजी लाने के लिए सभी विधायकों ने श्री सिद्धू के साथ विचार विमर्श किया और अपनी तरफ से कुछ सुझाव भी दिए। विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा ने श्री सिद्धू को होशियारपुर में सफाई सेवकों व कच्चे मुलाजिमों की समस्याओं के साथ-साथ नगर निगम में अन्य सुधारों संबंधी चर्चा की। उन्होंने बताया कि होशियारपुर नगर निगम बनने के बाद भी पिछड़ा हुआ है तथा पिछले 10 सालों में होशियारपुर में विकास के नाम पर जनता को गुमराह किया गया है। इसलिए कई अहम पहलुओं पर सुधार की दरकार है। इस दौरान होशियारपुर की समस्याओं, जरुरतों और किए जाने वाले विकास कार्यों पर चर्चा किए जाने उपरांत स्थानीय निकाय मंत्री श्री सिद्धू ने विधायकों को आश्वास्त किया कि पंजाब के हर क्षेत्र का विकास बिना भेदभाव से करवाया जाएगा।











