Wednesday, October 21, 2026
Home Himachal खास खबर: 9 नाकों पर 24 घंटे पुलिस का पहरा, सख्ती से...

खास खबर: 9 नाकों पर 24 घंटे पुलिस का पहरा, सख्ती से लागू हो रहा होम क्वारंटाइन, 6 लोगों पर मामला दर्ज

हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला के 9 प्रवेश केंद्रों पर पुलिस 24 घंटे मुस्तैदी से तैनात है ताकि बिना पंजीकरण एवं मैडीकल स्क्रीनिंग के कोई जिला की सीमा में सीधा प्रवेश न कर जाए। इतना ही नहीं जिला होम क्वारंटाइन को सख्ती से लागू करवाने के लिए एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने पुलिस बल के साथ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की विशेष निगरानी टीमें मैदान में उतारी हैं। इसके सकारात्मक परिणाम भी दिखना शुरू हो गये हैं। अभी तक 6 लोगों पर होम क्वारंटाइन तोडऩे पर कार्यवाही की जा चुकी है। हैल्प लाइन नंबर 78769-16818 पर किसी भी व्यक्ति के बारे में जो होम क्वारंटाइन का उल्लंघन कर रहे हैं, की जानकारी फ़ोटो या विडियो द्वारा दी जा सकती है।

Advertisements

आप जानते हैं हमीरपुर पुलिस बाहर से आए व्यक्ति कि कैसे जाँच पड़ताल कर आगे भेजने और होम क्वारंटाइन की निगरानी कर रही है:

9 नाकों पर पुलिस मुस्तैद

आपको बता दें कि हमीरपुर जिला की सीमाओं पर 9 पुलिस नाकों पर हिमाचल के बाहर से हमीरपुर आने वाले लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है। जब कभी कोई व्यक्ति जिले में प्रवेश करता है तो उनका नाम, पता, फोन नंबर, वाहन नंबर, आरोग्य सेतु ऐप इंस्टॉल करवा रिकार्ड दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों और व्यक्तियों की एक सूची नियंत्रण कक्ष को सूचित की जाती है। इन नाकों पर आने वाले व्यक्तियों का मैडीकल चेकअप भी किया जाता है।

पुलिस कर रही घरों का दौरा

इसके बाद घर पहुँचने पर संबंधित पुलिस स्टेशन द्वारा होम क्वारंटाइन के निर्देशों के बारे में बताने के लिए कॉल किया जाता है। पुलिस उनके घरों का दौरा भी करती है और पुलिस अधीक्षक द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र इन लोगों के घर पर दिया जाता है। होम क्वारंटाइन की अवहेलना करने पर एफ़आईआर दर्ज करने व इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन की प्रक्रिया सख़्ती से अपनाई जा रही है।

पंचायत प्रधानों की बढ़ी जिम्मेवारी

होम क्वारंटाइन व्यक्तियों की संबंधित पुलिस स्टेशनों के तहत पंचायत प्रधानों और पुलिस कर्मियों के माध्यम से सक्रिय निगरानी की जा रही है।
पुलिस कर्मियों को पंचायतैं सौंपी गयी हैं जहां किसी व्यक्ति द्वार नियम को तोडऩे के बारे में जानकारी ली जा रही है।
सोशल मीडिया पर अफ़वाहों पर भी कड़ी नजऱ
हमीरपुर पुलिस सोशल मीडिया की ख़ास निगरानी कर अफवाहों पर नजऱ रख रही है। 24 घंटे चल रहे हैल्प लाइन नंबर 78769-16818 पर किसी भी व्यक्ति के बारे में जो होम क्वारंटाइन का उल्लंघन कर रहे हैं, की जानकारी फोटो या वीडियो द्वारा दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जा रही है। इस कंट्रोल की निगरानी खुद एसपी अर्जित सेन ठाकुर कर रहे हैं।
पुलिस कर्मियों को मिल रहा प्रोत्साहन
कोरोना फ़ाईटर पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करने और होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशंसा प्रमाण पत्र के साथ नकद इनाम भी दिए जाने की घोषणा की गई है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर स्वयं औचक निरीक्षण करने नाकों पर पहुँच व्यवस्थाओं का जायज़ा ले रहे हैं।हमीरपुर पुलिस एक संगठित टीम के रूप में कोरोना के ख़िलाफ़ छिड़ी जंग में अपने कर्तव्य निर्वहन में लगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here