Tuesday, October 27, 2026
Home Hoshiarpur जिलावासी जिम्मेदारी के साथ मनाए दिवाली का त्यौहार: अपनीत रियात

जिलावासी जिम्मेदारी के साथ मनाए दिवाली का त्यौहार: अपनीत रियात

होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़)। जिलाधीश अपनीत रियात ने जिला वासियों को दिवाली के त्यौहार की बधाई देते हुए जिम्मेदारी के साथ इस त्यौहार को मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हम कोविड के दौर से गुजर रहे हैं, इस लिए स्वस्थ रहने के लिए हमें जहां कोविड-19 संबंधी हिदायतों का पूरा पालन करना है वहीं वातावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए कम से कम पटाखे भी चलाने हैं। वे जिला लोक संपर्क कार्यालय के फेसबुक पेज लाइव के दौरान जिला वासियों को संबोधित कर रहे थे। डिप्टी कमिश्नर ने जिला वासियों को कोविड-19 संबंधी जिले के ताजा हालातों संबंधी जानकारी दी और कहा कि बेशक कोविड संबंधी मामलों में काफी कमी आई है लेकिन आने वाले दिनों में केस बढऩे की संभावना है, इसलिए जिला वासी प्रशासन की ओर से बताई गई सावधानियां जैसे मास्क पहनना, समय-समय पर साबुन या सैनेटाइजर से हाथ साफ करना, सामाजिक दूरी के नियम का पालन करना को अपनाते रहें और इसे अपने जीवन का हिस्सा बना लें।

Advertisements

उन्होंने कहा कि त्यौहारों का सीजन चल रहा हैं ऐसे में हमारी अपने व अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारियां और भी ज्यादा बढ़ जाती है। अपनीत रियात ने कहा कि हम सभी का फर्ज बन जाता है कि वातावरण को साफ रखें और कम पटाखे चलाएं। उन्होंने कहा कि जिले में पटाखे बेचने के लिए 57 लाइसेंस जारी किए गए हैं और पटाखे बेचने के लिए खुले स्थान पर ही मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि हम पहले से ही कोविड से लड़ रहे हैं और ऐसे में अगर हम ज्यादा पटाखे चला कर वातावरण को प्रदूषित करेंगे तो सांस की बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि पटाखे चलाने के लिए दिवाली वाले दिन रात 8 बजे से 10 बजे तक ही इजाजत दी गई है, इस लिए जिला वासी इसी समय के दौरान पटाखे चलाएं और हो सकें तो पटाखों का कम ही प्रयोग करें। उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि पटाखे चलाते समय सावधानियां अपनाएं और सुरक्षित व स्वच्छ दिवाली मनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here