
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद की तरफ से प्रैसवार्ता का आयोजन करके पंजाब सरकार और पंजाब के डीजीपी को आढ़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में अमन-कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और कांग्रेस पार्टी अपना आधार खो चुकी है। इसलिए वह एक सुनियोजित साजिश के तहत भाजपा के कार्यक्रमों में हमला करवा रहे हैं। लेकिन पंजाब सरकार व पुलिस की धक्केशाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो किसान हैं वह तो मोदी व भाजपा के साथ हैं लेकिन, राजनीतिक रोटियां सेंकते हुए कागं्रेस व अन्य विरोधी दलों द्वारा भोले-भाले किसानों को भडक़ाया जा रहा है और दुख की बात है कि कानून व्यवस्था को ठीक रखने वाली पुलिस भी कांग्रेस की कठपुतली बनकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि बठिंडा व अन्य जगहों पर भाजपा द्वारा करवाए जा रहे कार्यक्रमों में राजनीतिक साजिश का शिकार हुए लोगों द्वारा हमला किया गया। जिसके विरोध में प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा द्वारा बठिंडा के एसएसपी के समक्ष जब रोष व्यक्त किया गया तो एसएसपी ने कारवाई का लिखित आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा की वह अपने दिए गए आश्वासन पर कितना खरा उतरते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने व कार्यक्रम करने की छूट है व ये उनका अधिकार है। कोई भी किसी को कार्यक्रम करने से रोक नहीं सकता और न ही उसे वहां आकर गुंडा गर्दी करने का अधिकार है। पंजाब में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। अगर पुलिस कानून व्यवस्था बनाए नहीं रख सकती तो भाजपा का हर कार्यकर्ता ऐसी साजिशों का मुंहतोड़ जवाब देना जानता है और अब किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार लगातार किसानों के साथ बातचीत कर रही है तथा 29दिसंबर की मीटिंग के बाद भारतीय जनता पार्टी निर्णय लेकर अगली रणनीति तय करेगी। इस अवसर पर पूर्व मेयर शिव कुमार सूद, जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा, विजय पठानिया, पूर्व पार्षद राकेश सूद, विनोद परमार, सतीष बावा, राजा सैनी, जिंदू सैनी, अमित आंगरा, अश्विनी गैंद, संजू अरोड़ा आदि उपस्थित थे।












