होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। योग साधन आश्रम होशियारपुर के तत्वाधान में योगेश्वर स्वामी मुलख राज के 122वें जन्मोत्सव महोत्सव की श्रंखला आज चिंतपूर्णी के योग साधन आश्रम में निर्विघ्न संपन्न हुई। इस श्रंखला का प्रथम पाठ 6 जनवरी को गुरुग्राम से शुरू हुआ था तथा मुख्य समागम योग साधन आश्रम होशियापुर में करवाया गया था। इसी श्रंखला के तहत 17 आश्रमों में रामायण जी का पाठ करवाया गया।
इस अवसर पर भक्तों को संबोधित करते हुए मुख्य अचार्य चंद्रमोहन अरोड़ा ने बताया कि योग आश्रम में हम योग के साधन सीखते हैं तथा आध्यात्मिक भक्ति को प्राप्त करते हैं। हमें अपने दादा गुरु से अपने सदगुरुदेव के साथ अटूट प्रेम की शिक्षा मिलती है। यह तभी संभव होता है जब शिष्य किसी सांसारिक वस्तु अथवा जीव की इच्छा ना करें।
जब हम सांसारिक पदार्थों को, सांसारिक जीवों को ,व्यक्तियों को अपनी पदवी ,प्रतिष्ठा ,मान सम्मान इत्यादि की इच्छा करते रहते हैं तब हमारी प्रगति रुक जाती है। इस अवसर पर भक्तों ने हर पल में हो सुमिरन तेरा ,ऐसा बना दो प्रभु जीवन मेरा भजन गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।